नीरज मिश्रा की रिपोर्ट
हरदोई। बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रही बिजली कर्मियों की हड़ताल के दूसरे दिन भी प्रशासन की सक्रियता बनी रही। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशानुसार विद्युत व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए पूरी प्रशासनिक टीम निरंतर सक्रिय रही। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 58 सब-स्टेशन हैं। जिनमें से 2 सब स्टेशनों में आंतरिक खराबी की वजह से कुछ व्यवधान आया जिसे तत्काल तकनीकी टीम द्वारा ठीक कर दिया गया। सभी सब स्टेशनों पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को तैनात किया गया है। तकनीकी टीमें सम्पूर्ण जनपद में निरंतर भ्रमणशील हैं। जहाँ कहीं कोई तकनीकी गड़बड़ी आ रही है उसे तत्काल तकनीकी टीमों द्वारा तत्काल ठीक किया जा रहा है। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अभी तक व्यवस्था में कोई व्यवधान नही आया है। किसी भी समस्या से ससमय निपटने हेतु एक कंट्रोल रूम नंबर स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 05852-232211 है। बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए कंट्रोल रूम में कॉल किया जा सकता है। कंट्रोल रूम नम्बर पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में विद्युत व्यवस्था को निर्बाधित बनाये रखने के सभी उपाय किये गए हैं। सब स्टेशनों पर सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएँ की गयी हैं। पुलिस टीमें भी लगातार गश्त कर रही हैं। हड़ताल के कारण आम जनता को कोई समस्या नही होने दी जाएगी।